बांसा समिति के सुरहोली में नवीन धान उपार्जन उपकेन्द्र का हुआ शुभारंभ

बेमेतरा । दिनांक 05.12.2022 को बेरला शाखा के बांसा समिति के सुरहोली धान उपार्जन केन्द्र का शुभारंभ किया गया। ये सुरहोली गांव वालों की बहुप्रतीक्षित मांग थी, इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आशीष छाबड़ा जी, विधायक बेमेतरा, अध्यक्षता राजेन्द्र साहू जी अध्यक्ष जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक दुर्ग, विशिष्ट अतिथि हीरा देवलाल वर्मा अध्यक्ष जनपद पंचायत बेरला, भुनेश्वरी पोषण वर्मा सभापति, जिला पंचायत बेमेतरा, रामेश्वर देवांगन अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बेरला, सरस्वती कमलकिशोर साहू सदस्य जनपद पंचायत बेरला, ओमप्रकाश साहू सरपंच ग्राम पंचायत सुरहोली उपस्थित थे।

धान उपार्जन उपकेन्द्र खोले जाने पर ग्राम सुरहोली के किसान बहुत उत्साहित दिखे। सभी गांव वालो के चेहरे पर खुशी स्पष्ट नजर आ रही थी। गांव वालो ने विधायक आशीष छाबड़ा और बैंक अध्यक्ष राजेन्द्र साहू को लड्डुओं से तौलकर अपनी भावनाओं को बताया एवं भावविभोर स्वागत किया। क्षेत्र के विधायक छाबड़ा जी ने कहा कि किसानों के हित में एक महीना पहले ही धान खरीदी शुरु की गई। कहा कि जब राज्य के किसान आर्थिक रूप से मजबूत होंगे तो छ.ग. राज्य निर्माण की संकल्पना पूरी होगी। गरीब किसान मजदूर की संतान भी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पढ़ सके इसलिए आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोले जा रहे है।सभी को संबोधित करते हुए राजेन्द्र साहू ने ग्रामीणों को नए उपकेन्द्र की शुभकामनाएँ दी एवं उनके प्रयास की सराहना की। उन्होंने छ.ग. शासन की महत्वाकांक्षी योजना नरवा गरवा घुरुवा बारी को विस्तार से समझाया और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में इसका महत्व बताया।

उन्होंने बताया कि प्रदेश की 20000 गांवों में लगभग 13000 नहरों का ट्रीटमेंट किया जा रहा है। गोधन न्याय योजना द्वारा गोबर खरीदी कर वर्मी कम्पोस्ट दिया, अगरबत्ती, और अन्य उत्पाद बनाये जा रहे है। प्रदेश जैविक खेती की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने जैविक खेती से स्वास्थ्य को होने वाले फायदे भी बताए। उन्होने कहा कि छ.ग. शासन की सारी योजनाएँ गांव गरीब किसान पर केन्द्रीत है। लगभग 4.5 लाख मजदूरों को भूमिहीन खेतिहर मजदूर योजना के तहत लाभान्वित किया जा रहा है।सभा को संबोधित करते हुए ग्राम के सरपंच ओमप्रकाश साहू ने बताया कि ग्राम के किसानों को धान विक्रय करने 15 कि.मी. दूर बांसा जाना पड़ता था । उपकेन्द्र खुलने से किसान काफी राहत महसूस कर रहे है। उन्होने बताया कि सभी ग्रामीणों ने सहयोग कर धान उपार्जन केन्द्र को खरीदी करने लायक बनाया। उन्होने विधायक आशीष छाबड़ा एवं अध्यक्ष महोदय का आभार व्यक्त किया।