जामगांव आर : महाविद्यालय में स्वीप के तहत नव मतदाता पंजीकरण शिविर का आयोजन

पाटन। महाविद्यालय में गुरुवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार स्वीप (SVEEP) कार्यक्रम के अंतर्गत इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (E.L.C.) द्वारा मतदाता जागरूकता और शिक्षा हेतु एक विशेष पंजीकरण शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची में जोड़ना और उन्हें मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करना था।

शिविर में जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेशानुसार बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के रूप में श्रीमती दिनेश्वरी साहू (रोजगार सहायिका) उपस्थित रहीं। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं को नव मतदाता पंजीकरण के लिए आवश्यक योग्यताओं (अर्हताओं) और जमा किए जाने वाले जरूरी दस्तावेजों (अभिलेखों) की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए भरे जाने वाले फॉर्म-06 की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।

इस गरिमामयी कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की आदरणीय प्राचार्य डॉ. शिखा अग्रवाल द्वारा की गई। उन्होंने अपने उद्बोधन में युवाओं को लोकतंत्र में मतदान की भूमिका और जिम्मेदारी से अवगत कराया।

कार्यक्रम का कुशल संचालन स्वीप के नोडल अधिकारी श्री ऐश्वर्य सिंह ठाकुर एवं ई.एल.सी. क्लब की सदस्य श्रीमती चेतना सोनी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक एवं स्टाफ सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे, जिनमें वरिष्ठ सहायक प्राध्यापक श्रीमती नीता कुंभारे, डॉ. नरेशधर दीवान, डॉ. ए.के. खान, डॉ. एस.के. पाण्डेय, डॉ. ए.के. तिवारी, श्री मनोज यादव और श्री मुकेश कर्षतिया शामिल हैं। शिविर में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भारी उत्साह दिखाया और मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया को समझा।