आस्था महिला बुनकर सहकारी समिति पाटन में नवीन बुनकर प्रशिक्षण एवं समापन कार्यक्रम संपन्न हुई



पाटन। आस्था महिला बुनकर सहकारी समिति मर्यादित, पाटन के कार्यालय में नवीन बुनकर प्रशिक्षण एवं समापन कार्यक्रम का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पाटन नगर पंचायत के नेता प्रतिपक्ष श्री आभाष दुबे उपस्थित रहे, वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता सहकारिता विभाग के प्राधिकृत अधिकारी एवं सीईओ श्री भूपेंद्र कुमार चंद्रवंशी ने की।
विशेष अतिथि के रूप में  उर्वशी देवांगन, समिति प्रबंधक श्री धनराज देवांगन एवं श्री सुंदर राज देवांगन सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित थे। अतिथियों का समिति की महिलाओं द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि जब से पाटन में बुनकर सहकारी समिति का आरंभ हुआ है, तब से क्षेत्र की महिलाओं को रोजगार का सशक्त माध्यम मिला है। समिति से जुड़कर महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और अपने परिवार का बेहतर ढंग से जीवन यापन कर रही हैं। पाटन सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों की बड़ी संख्या में महिलाएं इस समिति के माध्यम से कार्य कर रही हैं, जो महिला सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण है।
मुख्य अतिथि श्री आभाष दुबे ने अपने उद्बोधन में कहा कि बुनकर समिति से जुड़ी महिलाएं न केवल स्वयं कार्य कर रही हैं, बल्कि अन्य महिलाओं को भी प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा दे रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से अपने वार्ड की महिलाओं की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें गर्व है कि उनके वार्ड की महिलाएं स्वावलंबी बनकर समाज में एक नई पहचान बना रही हैं।
कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली महिलाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए तथा समिति के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।