T 20 world cup 2026

न्यूजीलैंड ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की। न्यूजीलैंड ने फाइनल में जगह बना ली है और वह खिताब से एक कदम दूर है। न्यूजीलैंड का फाइनल में सामना भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा।
गेंदबाजों के बाद टिम सीफर्ट और फिन एलेन की शानदार साझेदारी के दम पर न्यूजीलैंड ने टी20 विश्व कप के फाइनल में जगह बना ली है। दक्षिण अफ्रीका ने मार्को यानसेन के दमदार प्रदर्शन से 20 ओवर में आठ विकेट पर 169 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड के लिए सीफर्ट और एलेन ने अर्धशतक लगाए जिससे टीम ने 12.5 ओवर में एक विकेट पर 173 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। यह दूसरी बार है जब कीवी टीम इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है। इससे पहले टीम ने 2021 में खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया था, लेकिन टीम को हार का सामना करना पड़ा था।
सीफर्ट और एलेन की मजबूत साझेदारी
लक्ष्य का पीछा करते हुए टिम सीफर्ट और फिन एलेन ने न्यूजीलैंड को मजबूत शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 117 रनों की साझेदारी हुई। टी20 विश्व कप के नॉकआउट मैच में यह दूसरी सर्वोच्च शतकीय साझेदारी है। सीफर्ट और एलेन ने इस मामले में इंग्लैंड के क्रैग किएसवेटर और केविन पीटरसन को पीछे छोड़ा जिन्होंने 2010 में फाइनल मुकाबले में 111 रनों की साझेदारी की थी। इस मामले में सीफर्ट और एलेन से आगे जोस बटलर और एलेक्स हेल्स की जोड़ी है जिसने 2022 में भारत के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में 170* रनों की साझेदारी की थी। मौजूदा टूर्नामेंट में यह दूसरी बार है जब एलेन और सीफर्ट के बीच शतकीय साझेदारी हुई है।
एलेन ने जड़ा टी20 विश्व कप का सबसे तेज शतक
एलेन और सीफर्ट ने दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। सीफर्ट ने पहले 28 गेंदों पर पचासा पूरा किया। कगिसो रबादा ने टिम सीफर्ट को आउट कर न्यूजीलैंड को पहला झटका दिया और इस साझेदारी का अंत किया। सीफर्ट 33 गेंदों पर सात चौकों और दो छक्कों की मदद से 58 रन बनाकर आउट हुए। सीफर्ट के पवेलियन लौटने के बाद भी एलेन ने मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने 19 गेंदों पर अर्धशतक लगाया। यह टी20 विश्व कप में किसी बल्लेबाज का सबसे तेज पचासा है। इसके बाद वह रुके ही नहीं और लगातार बड़े शॉट्स लगाते रहे।
एलेन ने यानसेन की गेंद पर चौके लगाकर टीम को जीत दिलाई और अपना शतक पूरा किया। एलेन ने महज 33 गेंदों पर सैकड़ा पूरा किया और टी20 विश्व कप का सबसे तेज शतक लगा दिया। इतना ही नहीं एलेन ने संयुक्त रूप से टी20 अंतरराष्ट्रीय में तीसरा सबसे तेज शतक लगाया। उनसे तेज शतक टी20 में तुर्किये के मोहम्मद फहाद (29 गेंद) और एस्टोनिया के साहिल चौहान (27 गेंद) ने लगाया है। एलेन 33 गेंदों पर 10 चौकों और आठ छक्कों की मदद से 100 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि रचिन रवींद्र ने 11 गेंदों पर दो चौकों की मदद से नाबाद 13 रन बनाए।
बड़े मुकाबलों में फिर चोकर्स साबित हुई दक्षिण अफ्रीका
इससे पहले, दक्षिण अफ्रीका का प्रदर्शन टी20 विश्व कप में दमदार चल रहा था। टीम ने ग्रुप चरण के बाद सुपर आठ में भी अपने सारे मुकाबले जीते थे। दक्षिण अफ्रीका ने खिताब की प्रबल दावेदार भारत को भी हराया था, लेकिन एक बार फिर बड़े मुकाबलों में टीम दबाव नहीं झेल सकी। न्यूजीलैंड ने आखिरकार दक्षिण अफ्रीका का विजयी अभियान रोका। दक्षिण अफ्रीका ने अब तक कभी टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम नहीं किया है और उसका इंतजार फिर बढ़ गया है।






