पाटन/तर्रा। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तर्रा में शाला प्रवेश उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का तिलक लगाकर एवं मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम में अतिथियों ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर अध्ययन करने तथा शिक्षा के महत्व को समझने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है और शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा नवप्रवेशी विद्यार्थियों के स्वागत के साथ उन्हें शैक्षणिक सामग्री प्रदान कर नए सत्र की शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष रज्जू सोनी, मंडल अध्यक्ष कमलेश चंद्राकर, सरपंच विपिन चंद्राकर, पूर्व सरपंच डॉ. योगेश चंद्राकर, टेमन चंद्राकर, रामानंद, लक्ष्मण, विनोद साहू, लक्ष्मी नारायण, ओमन, श्रीमती भारती यदु, ममता कोसे, नीतू चंद्राकर, विद्यालय के प्राचार्य अजय शर्मा, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह एवं उल्लास से भरपूर रहा।






