भिलाई । दहेज के लिए अपनी पत्नी को प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए विवश करने वाले पति के खिलाफ सुपेला पुलिस ने दहेज हत्या की धारा के तहत प्राथमिकी की है। आरोपित अपना व्यापार बढ़ाने के लिए अपनी पत्नी पर मायके से दो लाख लाने का दबाव बना रहा था। उसकी पत्नी ने अपने मायके से रुपये लाने से इन्कार किया तो आरोपित उससे मारपीट कर उसे प्रताड़ित करने लगा था। जिससे परेशान होकर उसने कीटनाशक का सेवन कर लिया था। सुपेला पुलिस ने सभी पक्षों का वयान लिया था और उसके आधार पर आरोपित के खिलाफ प्राथमिकी की
पुलिस ने बताया कि चार अक्टूबर 2022 को राजीव नगर सुपेला में किराये के मकान में रहने वाले विजय शाह की नवविवाहिता पत्नी निशा देवी (26) ने कीटनाशक का सेवन कर लिया था। उसे श्रीशंकराचार्य मेडिकल कालेज में भर्ती कराया था। लेकिन, उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की थी। मृतका का मायका ग्राम जुम्मन डोला थाना डेरनी जिला छपरा बिहार में है। उसकी शादी 27 अप्रैल 2018 को आरोपित विजय शाह से हुई थी। शादी के समय मृतका के मायके वालों ने सोने चांदी के जेवर, घरेलू सामान और 83 हजार रुपये नकद दिए थे। शादी के बाद से वे लोग राजीव नगर सुपेला में किराये पर रहते थे। मृतका का एक साढ़े तीन साल का बेटा भी है। वहीं आरोपित पति विजय शाह सब्जी बेचने का काम करता है। मृतका के मायके वालों दिलीप कुमार शाह, विनोद शाह ने अपने बयान में बताया कि आरोपित मृतका को दहेज के लिए काफी ज्यादा प्रताड़ित करता था। वो दो लाख रुपये के लिए उससे मारपीट कर रहा था। जिससे परेशान होकर उसने कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या कर ली। मायके वालों के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपित पति के खिलाफ प्राथमिकी की है।
