NFSM योजना: पण्डरिया में 55 किसानों को मिला निःशुल्क अरहर-मूंगफली बीज

पण्डरिया। केंद्र सरकार की राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन (NFSM) योजना के तहत विकासखंड पण्डरिया के दो गांवों में किसानों को निःशुल्क प्रमाणित बीज वितरित किए गए।
पण्डरिया विधानसभा की विधायक भावना बोहरा के मार्गदर्शन और जनपद पंचायत पण्डरिया के सभापति थानेश्वर जायसवाल के नेतृत्व में यह वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम घोघराकला के 15 किसानों को मूंगफली का बीज और करपीगोड़ान के 40 किसानों को अरहर का प्रमाणित बीज दिया गया।


इस अवसर पर सभापति थानेश्वर जायसवाल ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और खेती की लागत कम करने के लिए लगातार काम कर रही है। NFSM के माध्यम से किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे वैज्ञानिक खेती अपनाकर उत्पादन बढ़ा सकें। उन्होंने किसानों से शासन की कृषि योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के एसडीओ जामरे आरईएओ डी.एल. चंद्रवंशी , ग्राम पंचायत खैरझिटी पुराना के सरपंच चैतराम धुर्वे सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे। अधिकारियों ने किसानों को बीज उपचार, समय पर बुवाई और आधुनिक कृषि तकनीक की जानकारी भी दी।किसानों ने निःशुल्क बीज वितरण के लिए केंद्र सरकार और कृषि विभाग का आभार जताया।