रायपुर में नाइट ड्राइव: तीन घंटे की चेकिंग में 154 ड्रंक ड्राइवर पकड़ाए, 15 लाख रुपये से अधिक का काटा चालान

रायपुर।होली पर्व और बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए राजधानी रायपुर में पुलिस ने शुक्रवार रात विशेष अभियान चलाया। रात 10 बजे से 1 बजे तक चले तीन घंटे के सघन चेकिंग अभियान में 154 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 15 लाख 40 हजार रुपये का चालान किया गया।

अभियान रायपुर पुलिस द्वारा चलाया गया। पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल विकास कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला और दौलत राम पोर्ते के मार्गदर्शन में अलग-अलग टीमों का गठन किया गया। शहर के प्रमुख आठ स्थानों पर स्टॉपर लगाकर ब्रीथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई।

कार्रवाई के दौरान 64 कार, 65 मोटरसाइकिल, 8 ट्रक, 12 टाटा एस पिकअप, एक बोलेरो, दो माजदा, एक ट्रैक्टर और एक ई-रिक्शा जब्त किए गए। सभी मामलों में मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर वाहन जब्त किए गए हैं। प्रकरणों को कार्य दिवस पर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां प्रत्येक मामले में न्यूनतम 10 हजार रुपये तक का अर्थदंड लगाया जा सकता है।

पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर आगामी दिनों में भी स्थान बदल-बदलकर इसी तरह की रात्रिकालीन चेकिंग जारी रखने की बात कही गई है, ताकि नशे में वाहन चलाने वालों पर अंकुश लगाया जा सके।