Ind vs aus
नीतीश रेड्डी ने मेलबर्न में जारी बॉक्सिंग डे टेस्ट में शतक जड़ दिया है। उन्होंने 171 गेंद में बोलैंड की गेंद पर चौका लगाकर शतक लगाया। यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का पहला शतक है। उन्होंने टेस्ट में पहली बार पचास से ज्यादा रन बनाए और उस पारी को शतक में बदल दिया। नीतीश इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट में शतक लगाने वाले तीसरे सबसे युवा भारतीय बन गए हैं। उनसे आगे सिर्फ सचिन तेंदुलकर और ऋषभ पंत हैं। नीतीश के लिए यह शतक इसलिए भी खास है क्योंकि उनके पिता मुतयाला रेड्डी दर्शक दीर्घा में मौजूद रहे और यह मैच देख रहे थे। अपने पिता के सामने शतक लगाने के बाद नीतीश भावुक भी हो गए।

नीतीश ने 21 साल 216 दिन की उम्र में ऑस्ट्रेलिया में शतक लगाया। सचिन ने 1992 में सिडनी में 18 साल 253 दिन की उम्र में शतक जड़ा था। वहीं, पंत ने 2019 में सिडनी में 21 साल और 91 दिन की उम्र में शतक बनाया था। इसके बाद नीतीश का नंबर आता है। वहीं, चौथे स्थान पर दत्तू फडकर हैं। उन्होंने एडिलेड में 1948 में 22 साल और 42 दिन की उम्र में शतक बनाया था।
भारतीय पारी के 114वें ओवर में नीतीश 99 के स्कोर पर नॉन स्ट्राइकर एंड पर थे। जसप्रीत बुमराह स्ट्राइक पर थे। पैट कमिंस इस ओवर में गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की तीसरी गेंद पर कमिंस ने बुमराह को स्लिप में कैच कराया और नौवां झटका दिया। इसके बाद सिराज आए तो भारतीय फैंस डर गए थे कि क्या वह कमिंस की अगली तीन गेंद को बचा ले जाएंगे। सिराज ने बखूबी डिफेंस किया और फिर अगले ओवर में नीतीश को स्ट्राइक मिला। नीतीश ने इसके बाद इतिहास रच दिया।
नीतीश इस पारी में आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे। इससे पहले ऐसा सिर्फ दो बार हुआ है जब टेस्ट में आठ या इससे नीचे के क्रम पर बल्लेबाजी करने वाले नीतीश से युवा खिलाड़ी ने शतक बनाया हो। बांग्लादेश के अबुल हसन ने 20 साल 108 दिन की उम्र में और भारत के अजय रात्रा ने 20 साल 150 दिन की उम्र में ऐसा किया था।
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारत की खोज नीतीश रेड्डी
नीतीश इस ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भारत की खोज रहे हैं और उन्होंने क्या शानदार बल्लेबाजी की है। सिर्फ बल्ले से ही नहीं, गेंद से भी उनका प्रदर्शन ठीक ठाक रहा है। उन्होंने तीन विकेट भी लिए हैं। मेलबर्न टेस्ट से पहले भी नीतीश ने अच्छी बल्लेबाजी की थी, लेकिन अर्धशतक से चूक गए थे, लेकिन मेलबर्न में उन्होंने पचास रन भी पूरे किए और उसे शतक में भी बदला। मेलबर्न में जब नीतीश बल्लेबाजी के लिए उतरे तो भारत का स्कोर छह विकेट पर 191 रन था। हालांकि, उन्होंने हार नहीं मानी और पहले टीम को 275 रन तक पहुंचाकर भारत को फॉलोऑन से बचाया, फिर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लीड कम की।






