पाटन।
क्षेत्र के मोतीपुर स्थित झीट जामगांव एम चौक के पास ब्रेकर नहीं होने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर वाहन तेज गति से चलते हैं, जिसके कारण आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है। अब तक कई वाहन आपस में टकरा चुके हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि झीट की ओर ब्रेकर बने होने से वहां कुछ हद तक राहत है, लेकिन जामगांव एम और मोतीपुर खम्हरिया चौक की ओर जाने वाले मार्ग पर एक-एक ब्रेकर की सख्त आवश्यकता है। इस संबंध में ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम सरपंच मोहन लोधी ने बताया कि चौक से आगे जामगांव एम में शराब दुकान स्थित है, जिसके कारण इस मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक रहता है। दोपहिया वाहन चालक भी तेज गति से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ब्रेकर का निर्माण नहीं कराया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने संबंधित विभाग से शीघ्र आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।







