माता कर्मा महाविद्यालय गुंडरदेही का रासेयो शिविर: चौथे दिन शीतला मंदिर परिसर की हुई सफाई, नशा मुक्ति का दिया संदेश

अंडा। माता कर्मा कला, वाणिज्य एवं विज्ञान महाविद्यालय गुंडरदेही की राष्ट्रीय सेवा योजना (रासेयो) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का चौथा दिन ग्राम गोरकापार (विकासखंड गुंडरदेही, जिला बालोद) में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार और छत्तीसगढ़ शासन के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ की ‘नशा एवं टीबी मुक्त युवा’ थीम पर आधारित इस शिविर में स्वयंसेवक ग्रामीणों को जागरूक करने में जुटे हैं।

प्रभात फेरी और स्वच्छता अभियान
शिविर के चौथे दिन की शुरुआत सुबह प्रभात फेरी के साथ हुई, जिसके माध्यम से स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को स्वच्छता और नशा मुक्ति का संदेश दिया। इसके बाद परियोजना कार्य के तहत गांव के शीतला मंदिर परिसर की साफ-सफाई की गई और नाली निर्माण कार्य में श्रमदान किया गया।

बौद्धिक सत्र एवं अतिथियों का उद्बोधन
परियोजना कार्य के पश्चात बौद्धिक परिचर्चा सत्र का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना और राजकीय गीत ‘अरपा पैरी के धार’ के साथ हुआ। सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में रासेयो जिला संगठक (दुर्ग) डॉ. सुरेश ठाकुर, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मानसी गुलाटी, शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल गोरकापार के प्राचार्य और गुरुर के कार्यक्रम अधिकारी जी. एस. देवांगन उपस्थित रहे। अतिथियों ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि रासेयो शिविर युवाओं में सामाजिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण की भावना का विकास करता है।

रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम और ग्रामीणों का सहयोग
रात्रिकालीन सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन ग्राम पंचायत गोरकापार की सरपंच श्रीमती रामेश्वरी चंद्राकर, भाजपा मंडल ओटेबंद के अध्यक्ष कुलदीप साहू, सेवा सहकारी समिति गोरकापार के अध्यक्ष संजू चंद्राकर, समाजसेवी जसवंत सिन्हा, सेवानिवृत्त शिक्षक गयाराम चंद्राकर और पीएचई के सेवानिवृत्त अधिकारी मनहर प्रसाद के आतिथ्य में हुआ। ग्राम प्रमुखों ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि वे इस सात दिवसीय जागरूकता अभियान और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों को जोड़ने में स्वयंसेवकों का पूरा सहयोग करेंगे।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम का सफल संचालन स्वयंसेविका कुमारी कुमकुम देवांगन ने किया और आभार प्रदर्शन रुद्रप्रताप साहू ने व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर जिला संगठक डॉ. लीना साहू, कार्यक्रम अधिकारी घनश्याम साहू, वरिष्ठ स्वयंसेवक कौशल गजेंद्र, रोशन साहू, मिथलेश कुमार, हर्षित बारले सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और ग्रामीण उपस्थित थे।