नगरी/ सिहावा, बेलरगांव।क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर एनएसयूआई ने मंगलवार को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नगरी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र निराकरण की मांग की। इस दौरान एनएसयूआई पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।
एनएसयूआई विधानसभा अध्यक्ष अरविंद यादव ने कहा कि क्षेत्र में किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है। कुछ व्यापारियों द्वारा खाद की कालाबाजारी किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जिससे किसान परेशान हैं। उन्होंने मांग की कि प्रशासन तत्काल जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करे।
उन्होंने कहा कि नगरी सिहावा बेलर गांव क्षेत्र में जुआ और सट्टा का अवैध कारोबार भी तेजी से चल रहे हैं खाईवाल खुलेआम बस स्टैंडों में दुकानों में और गाड़ियों में घूम घूम कर सट्टा लिख रहे हैं जिससे युवा वर्ग प्रभावित हो रहा है। इसके अलावा सांकरा-जैतपुरी, सिहावा-विरगुड़ी, बोराई-सिहावा, कर्णेश्वर-घठुला तथा हिरापुर-सिहावा मार्ग की हालत बेहद खराब हो चुकी है। सिहावा सेमरा मार्ग को खोद कर छोड़ दिया गया जिससे आय दिन दुर्घटना हो रही है बारिश के मौसम में इन मार्गों पर आवागमन और अधिक कठिन हो जाता है, इसलिए तत्काल मरम्मत कार्य कराया जाना चाहिए।
अरविंद यादव ने कहा कि बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि से आम जनता त्रस्त है। वहीं किसानों और ग्रामीणों को समय पर पेट्रोल-डीजल नहीं मिलने से कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भी चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त निगरानी और प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
एनएसयूआई के शहर अध्यक्ष राकेश नेताम ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर पहले भी कई बार सुशासन शिविरों में आवेदन और शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक समस्याओं के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि तीन दिनों के भीतर मांगों पर संज्ञान नहीं लिया गया तो एनएसयूआई व्यापक जनआंदोलन और उग्र प्रदर्शन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान एनएसयूआई के विधानसभा अध्यक्ष अरविंद यादव के साथ सोशल मीडिया चेयरमैन धमतरी विवेक बंजारे, शहर अध्यक्ष राकेश नेताम, विधानसभा महासचिव लाकेश्वर साहू, भावेश चंदनिया, पंकज, गौरव सिन्हा, पिंटू, भानेद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।







