पोषित बचपन और सशक्त महिलाएं ही समृद्ध समाज की पहचान : कीर्ति नायक

सेवा संकल्प अभियान के तहत बटंग में महिला एवं बाल विकास विभाग का आयोजन, गोद भराई से लेकर खेलकूद और पौष्टिक पकवानों की प्रदर्शनी ने बांधा समां

पाटन। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्राम पंचायत बटंग के चारों आंगनबाड़ी केंद्रों के संयुक्त तत्वावधान में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मातृ स्वास्थ्य, बाल पोषण, महिला सशक्तिकरण और बच्चों के सर्वांगीण विकास को समर्पित विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने महिलाओं और बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए पोषण, स्वास्थ्य और जागरूकता को स्वस्थ समाज की आधारशिला बताया। विशिष्ट अतिथि के रूप में धनकुमारी बर्मन एवं हेमा साहू उपस्थित रहीं।

अपने उद्बोधन में श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि बच्चों का स्वस्थ बचपन, महिलाओं का सम्मान और परिवारों में पोषण के प्रति जागरूकता किसी भी समाज की प्रगति के महत्वपूर्ण आधार हैं। आंगनबाड़ी केंद्र शासन की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और बच्चों के बेहतर भविष्य की नींव तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि कुपोषण से मुक्ति के लिए केवल योजनाओं का संचालन ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि परिवारों की सक्रिय भागीदारी, संतुलित आहार और नियमित देखभाल भी जरूरी है। उन्होंने महिलाओं से बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। साथ ही कार्यक्रम में शामिल बच्चों एवं महिलाओं की सहभागिता की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के दौरान सामूहिक गोद भराई की रस्म के माध्यम से मातृत्व एवं शिशु स्वास्थ्य का संदेश दिया गया। कुपोषित बच्चों को पोषण आहार प्रदान किया गया, वहीं बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महिलाओं एवं बच्चों के लिए आयोजित खेलकूद गतिविधियों ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बनाया। इसके साथ ही महिलाओं द्वारा तैयार किए गए स्वादिष्ट एवं पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसके माध्यम से पौष्टिक भोजन के महत्व को रेखांकित किया गया।

महिला एवं बाल विकास अधिकारी यमलेश पांडे तथा विभागीय सुपरवाइजर श्रीमती माधुरी वर्मा की उपस्थिति में कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर ग्राम पंचायत बटंग के सरपंच श्री गैंदु राम वर्मा, उपसरपंच श्रीमती महेश्वरी वर्मा, श्रीमती दीपा वर्मा, श्रीमती नंदिनी वर्मा,चारों आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े हितग्राही, मितानिन बहनें,महिलाएं, बच्चे, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने महिला सशक्तिकरण, बाल पोषण और सामुदायिक सहभागिता के महत्व को प्रभावी ढंग से सामने रखा।