पाटन। सर्वर सहित pos मशीन की समस्याओं को लेकर पिछले 3 दिन से बंद राशन दुकान अब उन्हीं समस्याओं के साथ कल से पाटन ब्लाक में खुलेंगे। आज पाटन ब्लाक के उचित मूल्य दुकान राशन दुकानदार संचालक संघ के साथ जिला के खाद्य विभाग के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में राशन दुकान खोले जाने का निर्णय लिया गया। हालांकि राशन दुकान संचालक संघ के द्वारा जिन समस्याओं को लेकर राशन दुकान बंद करने की वह pos मशीन जमा करने की बात कही गई थी वह समस्याएं अभी भी यथावत है। बताया जाता है कि केंद्र सरकार की इस योजना के कारण अधिकारी भी हार मान चुके हैं। कई बार सर्वर की समस्याओं को दुरुस्त करने के लिए राज्य के अधिकारी केंद्र सरकार को जिम्मेदार अधिकारी को पत्र भी भेज चुके हैं लेकिन अभी भी समस्याएं यथावत है। गौरतलब हो कि पाटन ब्लाक के राशन दुकान संचालक संघ के द्वारा पिछले दिनों एसडीएम कार्यालय पाटन पहुंचकर pos मशीन जमा करने की सूचना दी थी। इसके बाद मौके पर पहुंचे तहसीलदार प्रकाश सोनी व खाद विभाग के अधिकारियों के द्वारा चर्चा के बाद pos मशीन तो वापस ले लिया गया लेकिन 3 दिन तक लगातार पाटन ब्लॉक में राशन दुकान बंद रही। आज इसे गंभीरता से लेते हुए खाद विभाग के जिला स्तर के अधिकारियों के साथ राशन दुकान संचालक संघ की बैठक हुई । जिसमें राशन दुकान संचालक संघ के अध्यक्ष अनिल चंद्राकर ने दुकान में pos मशीन व ब्लूटूथ व कांटा की कनेक्टिविटी से हो रही परेशानी से अधिकारियों को अवगत कराया। इस पर अधिकारियों ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों को इससे अवगत करा दिया गया है पत्र के माध्यम से कई बार राशन दुकान के समस्याओं से भी अवगत कराया गया है। उन्होंने आश्वासन भी दिया है कि जल्द से जल्द समस्याओं का निराकरण भी किया जाएगा। इसके बाद राशन दुकान संचालक संघ ने ब्लॉक के राशन कार्ड धारी हितग्राहियों की समस्या को देखते हुए राशन दुकान खोले जाने की निर्णय लिया। आज बैठक में प्रमुख रूप से जिला खाद्य अधिकारी सीपी दीपांकर के साथ-साथ राशन दुकान संचालक संघ के अध्यक्ष अनिल चंद्राकर सहित राशन दुकान संचालक उपस्थित थे।।







