दुर्ग/जामुल। जामुल थाना पुलिस ने ओखरा रोड पर हुए चर्चित हत्याकांड में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर जब्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार 4 अगस्त 2026 को मोतीराम गायकवाड़ (55) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका पुत्र भीष्म गायकवाड़ सुबह करीब 9 बजे टिफिन लेकर रायपुर जाने के लिए निकला था। करीब 10:30 बजे सूचना मिली कि ओखरा रोड स्थित बरगद के पेड़ के पास गांव के अरविंद उर्फ लोचन चतुर्वेदी ने पुराने विवाद को लेकर भीष्म पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

गंभीर रूप से घायल भीष्म को उपचार के लिए मां कर्मा अस्पताल, मुरमुंडा ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रारंभ में जामुल थाना में धारा 109(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। मृत्यु के बाद विवेचना के आधार पर प्रकरण में धारा 103(1) बीएनएस (हत्या) जोड़ दी गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी अरविंद उर्फ लोचन चतुर्वेदी (53 वर्ष), निवासी ग्राम नरधा, थाना जामुल को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद किया गया। पुलिस ने 5 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार पुराने विवाद के चलते हुए झगड़े में आरोपी ने धारदार हथियार से भीष्म गायकवाड़ के पेट और पीठ पर वार किया था, जिससे उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई।
पुलिस की अपील:
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से किसी भी विवाद का समाधान कानून सम्मत एवं शांतिपूर्ण तरीके से करने तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






