पंडरिया।शिक्षक दिवस के अवसर पर पंडरिया विधानसभा में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों के सम्मान में पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय ग्राम उड़ियाकला में विधानसभा स्तरीय शिक्षा अभिनंदन समारोह 2026 का आयोजन किया गया। इसके साथ ही पंडरिया विधानसभा के समस्त शासकीय व शिशु मंदिर विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने और उन्हें ड्रोन, रोबोटिक्स, AI व 3D आर्ट जैसे अत्याधुनिक शिक्षकीय सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भावना दीदी की साइंस पाठशाला के प्रथम कार्यशाला का भी आयोजन किया गया जहाँ शिक्षकों ने उसमें उपलब्ध अत्याधुनिक ड्रोन, रोबोट व शैक्षणिक सुविधाओं का अवलोकन किया। इस भावना दीदी की साइंस पाठशाला के माध्यम से प्रतिवर्ष विधानसभा क्षेत्र के लगभग 5000 छात्र-छात्राओं को भविष्य की टेक्नोलॉजी और आधुनिक शिक्षा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है ताकि ग्रामीण परिवेश में पढ़ने वाले विद्यार्थी भी आधुनिक शिक्षा से जुड़कर अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर हों।

इस दौरान विधायक भावना बोहरा ने कार्यक्रम में मंच से पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के 67 शिक्षकों को उनकी उत्कृष्ट एवं समर्पित सेवाओं के लिए सम्मानित सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।समारोह में पंडरिया विधानसभा के सभी सातों मंडल अंतर्गत सितम्बर 2025 से अगस्त 2026 के मध्य सेवानिवृत्त हुए 50 शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। वहीं, वनांचल एवं दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा की अलख जगाने और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के लिए विशेष योगदान देने वाले हेतु विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण 2026 अंतर्गत 8 शिक्षा दूत एवं 1 ज्ञान दीप पुरस्कार से सम्मानित शिक्षकों को भी उनके समर्पण और सेवाभाव के लिए सम्मानित किया गया तथा बोर्ड परीक्षा में जीं विद्यालयों में 100 प्रतिशत विद्यार्थियों उत्तीर्ण हुए हैं उन 8 विद्यालयों के प्राचार्यों को भी सम्मानित कर उनका अभिनंदन किया गया। वहीं पंडरिया विधानसभा के अलग-अलग विकासखंड के लगभग 1600 से अधिक शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। इन शिक्षकों की उपलब्धि न केवल उनकी मेहनत और लगन का प्रमाण है, बल्कि विद्यार्थियों के प्रति उनकी जिम्मेदारी और शिक्षा के प्रति समर्पण को भी दर्शाती है।

इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि शिक्षक समाज के सबसे महत्वपूर्ण शिल्पकार हैं। वे केवल विद्यार्थियों को किताबों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन, आत्मविश्वास और जीवन के मूल्यों का निर्माण करते हैं। एक शिक्षक द्वारा तैयार किया गया विद्यार्थी आगे चलकर परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपनी भूमिका निभाता है। इसलिए शिक्षक का सम्मान वास्तव में ज्ञान, संस्कार और राष्ट्र निर्माण का सम्मान है। उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा के वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों में अनेक शिक्षक सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बीच भी पूरी निष्ठा से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। दूरस्थ अंचलों में शिक्षा की ज्योत जलाए रखना और बच्चों को बेहतर भविष्य के लिए तैयार करना अपने आप में राष्ट्रसेवा है। ऐसे शिक्षकों के समर्पण को समाज के सामने लाना और उनका सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। विधायक भावना बोहरा ने बोर्ड परीक्षा में 100 प्रतिशत विद्यार्थियों को उत्तीर्ण कराने वाले शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षक की निरंतर मेहनत, मार्गदर्शन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पंडरिया विधानसभा में शिक्षा को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीण और वनांचल क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने सेवानिवृत्त शिक्षकों के योगदान को नमन करते हुए कहा कि उनकी वर्षों की सेवा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने सभी सम्मानित शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपका ज्ञान, आपका अनुभव और आपका समर्पण पंडरिया की नई पीढ़ी की सबसे बड़ी पूंजी है। आपके द्वारा जलाया गया शिक्षा का दीप आने वाले वर्षों तक समाज को दिशा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए आप सभी के इसी सेवाभाव से प्रेरणा लेते हुए हमने भी बेटियों की शिक्षा हेतु कोई बाधा अवरोध न बनें इसके लिए महाविद्यालयीन छात्राओं को घर से महाविद्यालय आने-जाने हेतु 10 निःशुल्क बस सेवा का संचालन कर रहें हैं जिससे अबतक 1500 से अधिक छात्राओं को लाभ मिला है, लक्ष्य निःशुल्क कोचिंग के माध्यम से IIT-JEE,NEET एवं CGPSC की निःशुल्क कोचिंग युवाओं को मिल रही है और और विभिन्न सेवाओं में भी उनका चयन हुआ है। इसके साथ ही हमारे शासकीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं हेतु भावना दीदी की साइंस पाठशाला की शुरुआत की है जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य की तकनीकों से जोड़ना, उनमें आत्मविश्वास जगाना और उन्हें आने वाले समय की चुनौतियों के लिए तैयार करना है। हमारा संकल्प है कि पंडरिया विधानसभा का कोई भी विद्यार्थी अवसरों के अभाव में पीछे न रहे।
इस दौरान विधायक भावना बोहरा ने मंच से शिक्षकों के साथ संवाद कर उनके सुझाव एवं अनुभव जाने तथा ग्रामीण व वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने, नवाचार और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए नई पहल एवं कार्ययोजनाओं को लेकर सार्थक संवाद किया।
इस अवसर पर जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, शिक्षकगण व उनके परिजन एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।





