संविधान की 77वीं वर्षगांठ पर बच्चों ने ली कर्तव्यों की शपथ, चित्रकला में दिखाया उत्साह

पंडरिया। शासकीय प्राथमिक शाला रहमान कापा में बुधवार को संविधान दिवस की 77वीं वर्षगांठ बड़े ही उत्साह के साथ मनाई गई। “हमारा संविधान, हमारा स्वाभिमान” थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए उद्देशिका वाचन और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इसके पश्चात सहायक शिक्षक लक्ष्मण बांधेकर ने सभी विद्यार्थियों को संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराया। उन्होंने बच्चों को मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों का महत्व समझाते हुए बाल विवाह, बाल श्रम और शिक्षा के अधिकार जैसे गंभीर विषयों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने बच्चों को एक जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया और चित्रकला में भाग लेने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उपहार स्वरूप अमरूद भेंट किए।

इस अवसर पर प्रधान पाठक राजेश कुमार पात्रे ने कहा कि संविधान देश का सर्वोच्च कानून है, जिससे पूरे राष्ट्र का संचालन होता है। हर नागरिक को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करना चाहिए।

कार्यक्रम को सफल बनाने में पंच रामदयाल कुर्रे, जुड़ावन, अंतराम, तुलसी, ममता सहित सभी विद्यार्थियों की सक्रिय और सराहनीय उपस्थिति रही।