दशगात्र के दिन स्वर्गीय माता की स्मृति में पुत्र ने दिखाई मानवता, गांव में कराया निःशुल्क जल वितरण

महुदा। ग्राम पंचायत महुदा में हाल ही में आए आंधी-तूफान के कारण बिजली आपूर्ति लगभग 28 घंटे तक बाधित रही, जिससे पेयजल संकट गहरा गया। बिजली नहीं होने से पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

ग्रामीणों की इस समस्या को देखते हुए स्वर्गीय श्रीमती गेंदी बाई के पुत्र श्री व्यासनारायण सिन्हा (खैरवा) ने अपनी माता के दशगात्र के अवसर पर एक सराहनीय और मानवीय पहल की। उन्होंने गांव में व्याप्त पानी की समस्या को समझते हुए अपने निजी खर्च से पानी के टैंकर की व्यवस्था कर ग्रामीणों को निःशुल्क पानी उपलब्ध कराया।

इस पहल से गांव के अनेक परिवारों को राहत मिली और लोगों ने श्री सिन्हा के इस सेवा भाव की भूरि-भूरि प्रशंसा की। ग्रामीणों का कहना है कि शोक की घड़ी में भी उन्होंने समाजहित को प्राथमिकता देकर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।

ग्रामवासियों ने स्वर्गीय गेंदी बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी स्मृति में किया गया यह कार्य न केवल पुण्य का कार्य है, बल्कि समाज सेवा और मानवता का भी उत्कृष्ट संदेश देता है। श्री व्यासनारायण सिन्हा की इस अनोखी पहल की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।

“सच्ची श्रद्धांजलि वही है, जो समाज के जरूरतमंद लोगों के काम आए।” महुदा में किया गया यह कार्य इसी भावना का जीवंत उदाहरण बन गया है।