विधायक के निर्देश पर विशेष शिविर लगाकर जांच किया


पंडरिया-पंडरिया विधायक भावना बोहरा के विशेष अनुशंसा पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया एवं कुकदूर के कर्मचारियों के द्वारा विशेष पिछड़ी जन जातियों के समग्र स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ रजत जयंती वर्ष 2025 के अवसर पर आरोग्य मेला स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। विधायक श्रीमती बोहरा  ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि विशेष शिविर लगाकर लोगों तक पहुंचते हुए उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया जावे एवं समग्र स्वास्थ्य पर कार्य किया जावे ताकि दूरस्थ वनांचल के लोगों को उसका लाभ मिल सके। खंड चिकित्सा अधिकारी पंडरिया डॉ राकेश कुमार ने त्वरित कार्यवाही करते हुए कुकदूर सेक्टर के नेऊर में सेक्टर कुकदूर के कर्मचारियों को आदेशित किया कि कार्ययोजना बनाकर शिविर लगाया जावे। खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ राकेश कुमार जो कि मनोरोग चिकित्सक एवं फैमिली फिजिशियन है, स्वयं उपस्थित होकर अपने कर्मचारियों के साथ शिविर का आयोजन किए। जिसमें सैकड़ों लोगों ने स्वास्थ्य लाभ लिया। बीएमओ श्री प्रेमी ने बताया कि शिविर में आए हुए हितग्राहियों का बीपी, शुगर, हीमोग्लोबिन और मानसिक स्वास्थ्य जांच किया गया। जिसमे ब्लड प्रेशर 12, मधुमेह के 5, एक लड़की जन्मजात मोतियाबिंद, एक बच्ची जन्मजात विकृति से ग्रस्त मिली, दो व्यक्ति टी बी के संदेहास्पद लक्षणों वाले थे। जिनको पुष्टि हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुकदूर जाने की सलाह दी गई। सामान्य मानसिक समस्या जैसे Somatization के 18 मरीज मिले,जिनको उचित उपचार दिया गया। एक बच्चा जो नियमित टीकाकरण से छूट गया था उसको टीका लगाया गया। उक्त शिविर में श्री अशोक वैष्णव पंडरिया एवं नेऊर सरपंच पार्वती सुनहले तथा डॉ विनोद, डॉ मनीष, सेक्टर सुपरवाइजर छत्रपाल लहरे, एवं समस्त कर्मचारी सेक्टर कुकदूर उपस्थित थे।