आशीष दास
कोंडागांव/बोरगांव । गुरुवार को राखी का पर्व क्षेत्र में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दिन जहां बहनों ने अपने भाई की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा, वहीं भाइयों ने सुरक्षा का वचन देकर उपहार भी भेंट किए। इसके दूसरे दिन शुक्रवार को भाजपा महिला मोर्चा फरसगांव के मंडल अध्यक्ष मंजूलता मरकाम के नेतृत्व में सुरक्षा करने वाले सुरक्षा बल के जवानों व अधिकारी व कर्मचारियों को पुलिस प्रशिक्षण केंद्र बोरगांव में पहुंचकर रक्षा सूत्र बांध कर रक्षाबंधन का त्योहार मनाया। सुरक्षा बलों के जवान अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की वजह से अपने घर परिवार से दूर होते हैं। ऐसे अवसर पर महिला मोर्चा के बहनों ने उन्हें रक्षा सूत्र बांधकर उनके इस कमी को दूर कर आपसी खुशी साझा करने का प्रयास किया है। जवानों ने भी क्षेत्र की महिला बहनों को सुरक्षा का वचन भी दिया।
इस दौरान भाजपा महिला मोर्चा के जिला महामंत्री सोमा दास ने कहा कि हमारी सुरक्षा के लिए 24 घंटे अपनी ड्यूटी देने वाले सुरक्षा कर्मी मुश्किल घड़ी में भी अपने परिवार के साथ त्योहार ना मनाते हुए हमारी सेवा में तत्पर रहते है उन सुरक्षा कर्मीयों के साथ रक्षा बंधन का त्यौहार मनाकर मन को प्रसन्नता मिली है।
भाजपा जिला संगठन मंत्री शाम नेताम ने कहा कि सैनिक भाइयों को राखी बांधाकर, मिठाई खिलाकर और आशीर्वाद प्राप्त कर गौरवान्वित महसूस हो रहा है। ये जवानों की देन है कि हम लोग अपने घरों में खुशी से और अपनों के बीच रह रहे हैं।
इस दौरान मुख्य रूप से चन्द्रकला सरकार, कृष्णा परामानिक, सुनिता नेताम, जयंती नेताम, प्रमिला मरकाम, सीडीआई आनंद सिंह रावत, सुबेदार मेजर भगवान सिंह गेहलोत , प्लाटून कमांडर स्वपन सरकार सहित पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र बोरगांव के अधिकारी कर्मचारी व महिला मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।