पाटन। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर जनपद पंचायत पाटन की अध्यक्ष श्रीमती कीर्ति नायक ने दुर्ग जिला पुलिस मुख्यालय पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं जवानों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।

इसके पश्चात श्रीमती कीर्ति नायक ने भिलाई-3 थाना पहुंचकर पुलिस जवानों की कलाई पर राखी बांधी और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पुलिस के जवान समाज की सुरक्षा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिन-रात पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर उनके प्रति स्नेह, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करना उनके लिए गौरव का विषय है।

श्रीमती कीर्ति नायक ने कहा कि राखी केवल भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक नहीं, बल्कि विश्वास, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी के मजबूत रिश्ते का भी प्रतीक है। पुलिस जवानों को राखी बांधकर उन्होंने उनके समर्पण और सेवाभाव के प्रति सम्मान व्यक्त किया तथा सभी पुलिस अधिकारियों एवं जवानों के सुखी, सुरक्षित एवं मंगलमय जीवन की कामना की।






