पौहा और कुम्हली के मध्य सड़क दुर्घटना में एक की मौके पर मौत, सेवा सहकारी समिति से लौट रहे थे वापस

पाटन।  पौहा और कुम्हली के मध्य आज शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में पौहा निवासी युवक की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार पौहा निवासी तरुण चंद्राकर (40 वर्ष) कुम्हाली सेवा सहकारी समिति से काम निपटाकर अपने दो बच्चों के साथ पौहा से जामगांव आर की ओर जा रहा था। जानकारी के मुताबिक शाम करीब 5:15 बजे विपरीत दिशा से आ रही साहू ट्रेवल्स की सवारी बस क्रमांक CG 05 J 0124 ने उन्हें जोरदार ठोकर मार दी, जिससे तरुण चंद्राकर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में उनके दोनों बच्चे सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही जामगांव आर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस द्वारा मृतक के शव को 112 वाहन में रखने के दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने बीच सड़क पर चक्काजाम कर दिया। चक्काजाम के चलते दुर्ग धमतरी मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित है । समाचार लिखे जाने तक मार्ग जाम रहा और क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस द्वारा ग्रामीणों को समझाइश देने का प्रयास किया जा रहा है।