अज्ञात वाहन के ठोकर से एक व्यक्ति की हुई मौत, एक मवेशी हुआ घायल

आशीष दास

कोंडागांव/बोरगांव । घटना थाना क्षेत्र फरसगांव के अंतर्गत नेशनल हाईवे 30 चिचाड़ी पुल में 25 जुलाई सोमवार की प्रातः लगभग 3:00 से 7:00 के बीच एक अज्ञात वाहन की ठोकर से ग्रामीण की मौत हो गई , वही एक मवेशी घायल हो गया। फरसगांव पुलिस में मृतक ग्रामीण की पहचान कर पोस्टमार्टम पश्चात शव परिजनों को सुपुर्द किया गया । थाने से मिली जानकारी के अनुसार लंजोडा मटियापारा निवासी चैतुराम नेताम पिता लक्का नेताम उम्र 61 वर्ष जो कि 04 वर्ष पूर्व से कांकेर उदयपुर में अरुण कुमार श्रीवास्तव के घर खेती किसानी का काम करने गया था जो बीच-बीच में अपने घर में लंजोड़ा आना-जाना करता था। परिजनों के बताए अनुसार मृतक ने उन्हें कहा था कि वह अपने मालिक के घर से गाय बैल को पालने के लिए लंजोडा लाएगा। इसी दौरान वह अपने मालिक के घर से 29 नग मवेशियों को पैदल अपने घर लंजोड़ा ले जा रहा था। उस दौरान 25 जुलाई सोमवार को प्रातः 3:00 से 7:00 के बीच चीचाड़ी पुल के ऊपर एक अज्ञात वाहन ने चैतुराम एवं उसके एक मवेशी को ठोकर मार दी। इस दुर्घटना में चैतूराम की मौके पर मौत हो गई और एक मवेशी घायल हो गया। सुबह घटना की खबर लगते ही फरसगांव पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर मृतक के शव को पहचान के लिए नगर के चीरघर में रखा गया और घायल मवेशी का उपचार करवाने फरसगांव भिजवाया गया साथ बाकी 28 मवेशियो को ग्राम चीचाड़ी के कांजीहाउस में रखवाया गया । पुलिस द्वारा मृतक की पहचान होने पर पुलिस मृतक के शव का पोस्टमार्टम पश्चात शव परिजनों को सुपुर्द किया गया और फरसगांव थाने में अज्ञात वाहन के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना कर रही है ।