रायपुर। इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित शासकीय और निजी महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के बी.एससी. कृषि (ऑनर्स) स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह प्रवेश प्रक्रिया नवीन शिक्षा नीति 2020 के तहत आयोजित की जा रही है।

प्रथम चरण की काउंसलिंग 5 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक हुई है। असफल फीस ट्रांजेक्शन वाले अभ्यर्थियों के लिए पुनः फीस जमा करने की प्रक्रिया 16 अगस्त को की जाएगी। प्रथम चरण की काउंसलिंग में 18 अगस्त को ऑनलाइन पंजीयन करने वाले अभ्यर्थियों को पीएटी परीक्षा की प्रावीण्य सूची के आधार पर प्रोविजनल सीट एवं महाविद्यालय का आवंटन किया जाएगा।

20 से 22 अगस्त तक कृषि महाविद्यालय रायपुर में सुबह 8 बजे से शाम 5:30 बजे तक दस्तावेजों का परीक्षण किया जाएगा। अभ्यर्थियों को उन्हें आवंटित प्रोविजनल सीट को सुरक्षित करने के लिए 20 से 23 अगस्त तक ऑनलाइन फीस जमा करनी होगी। यह उल्लेखनीय है कि पीएटी काउंसलिंग की प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता के साथ आयोजित की जा रही है।

सीट आवंटन के पश्चात यदि अभ्यर्थी किसी कारण से सीट सुरक्षित नहीं कर पाता है और आगामी चरण की काउंसलिंग में भाग लेना चाहता है, तो इसके लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा। ऐसे अभ्यर्थी, जिन्हें अभी तक कोई सीट आवंटित नहीं हुई है, उन्हें भी स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए 20 से 24 अगस्त 2026 तक (रात्रि 11:30 बजे) ऑनलाइन आवेदन करना होगा। यदि अभ्यर्थी सीट सुरक्षित करने के पश्चात सीट निरस्त करना चाहता है और आगे किसी भी प्रक्रिया में भाग नहीं लेना चाहता है, तो इसके लिए 20 से 24 अगस्त 2026 तक (रात्रि 11:30 बजे) सीट निरस्त करनी होगी।
आवंटित एवं रिक्त सीटों की जानकारी 25 अगस्त 2026 को उपलब्ध कराई जाएगी। स्पॉट एवं कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए पंजीकृत अभ्यर्थियों की सूची 25 अगस्त 2026 को विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी।
स्पॉट काउंसलिंग के लिए प्रोविजनल सीट एवं महाविद्यालय का आवंटन 31 अगस्त से 1 सितंबर 2026 के मध्य किया जाएगा। तत्काल दस्तावेज परीक्षण एवं ऑनलाइन फीस जमा करने के लिए 31 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक अभ्यर्थियों को कृषि महाविद्यालय, रायपुर में उपस्थित होना होगा।
कन्वर्शन काउंसलिंग के लिए प्रोविजनल सीट, महाविद्यालय आवंटन, तत्काल दस्तावेज परीक्षण एवं ऑनलाइन फीस जमा करने के लिए अभ्यर्थियों को कृषि महाविद्यालय रायपुर में 2 सितंबर 2026 को उपस्थित होना पड़ेगा। इच्छुक अभ्यर्थी काउंसलिंग संबंधित दिशा-निर्देशों की अधिक जानकारी के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.igkv.ac.in का अवलोकन कर सकते हैं।






