अमलेश्वर। खुडमुड़ा में प्रस्तावित शराब दुकान खोलने को लेकर ग्रामीणों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। शराब दुकान खोले जाने के विरोध में ग्रामीण धरने पर बैठे हुए हैं। अब इस विरोध प्रदर्शन को राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है।

इसी कड़ी में कांग्रेस के दुर्ग ग्रामीण जिला अध्यक्ष राकेश ठाकुर धरना स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। उनके पहुंचने के बाद विरोध का स्वर और तेज होने लगा है।
बता दें कि खुडमुड़ा में शराब दुकान खोलने की तैयारी को लेकर ग्रामीण पहले से ही विरोध जता रहे हैं। ग्रामीण प्रस्तावित शराब दुकान को अन्यत्र खोलने की मांग कर रहे हैं।

स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासनिक अधिकारी भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। अब देखना होगा कि ग्रामीणों के विरोध और प्रशासन के बीच इस मामले का क्या समाधान निकलता है।






