धरसींवा।। सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन 2 अक्टूबर 2026 को आंगनबाड़ी केंद्र मुजगहन क्रमांक 01 एवं 02, परिक्षेत्र डूण्डा, परियोजना धरसीवां-01, जिला रायपुर में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत रायपुर के उपाध्यक्ष संदीप यदु रहे।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत मुजगहन की सरपंच ऊषा टण्डन, पंचायत सचिव हेमलाल साहू, पंच लक्ष्मीनारायण यदु एवं विनोद कुमार साहू तथा सरपंच प्रतिनिधि राकेश कुमार टण्डन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सेक्टर पर्यवेक्षक उत्तरा वर्मा ने की।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के पश्चात आंगनबाड़ी केंद्र के हितग्राहियों के लिए गोदभराई एवं अन्नप्राशन संस्कार कराया गया।

इस अवसर पर सेक्टर पर्यवेक्षक उत्तरा वर्मा को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं भुनेश्वरी यदु एवं संतोषी महेश्वरी तथा सहायिकाओं सरोज सेन एवं सुनीता यदु को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। किशोरी बालिकाओं रुपाली यदु एवं लीना ढीढी का भी सम्मान किया गया।
मुख्य अतिथि संदीप यदु ने अपने उद्बोधन में आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए खिलौने एवं आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सहयोग राशि देने की घोषणा की। इसके पश्चात उन्होंने दोनों आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए नगद राशि का सहयोग भी प्रदान किया।
कार्यक्रम में गांव के युवा, बुजुर्ग एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए। कार्यक्रम के समापन पर सेक्टर पर्यवेक्षक उत्तरा वर्मा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।






