राज्य स्तरीय शालेय हैंडबॉल प्रतियोगिता में तेलीगुंडरा की छात्रा चेतना साहू का उत्कृष्ट प्रदर्शन

पाटन।संभाग स्तरीय शालेय हैंडबॉल प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तेलीगुंडरा की छात्रा कु. चेतना साहू ने मिनी वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया। संभाग स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन दुर्ग में किया गया।


छात्रा की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार एवं शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की। चेतना साहू की सफलता से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों में भी खेलों के प्रति उत्साह और नई प्रेरणा का संचार हुआ है।


इस अवसर पर विद्यालय के संरक्षक एवं जनपद सभापति श्री दिनेश साहू दाऊ जी, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष श्री चित्रसेन साहू, प्राचार्य श्रीमती कुमुद साहू, खेल शिक्षिका श्रीमती अंजू रत्नाकर, श्री एम.एल. वर्मा, प्रधानपाठक, शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय तेलीगुंडरा, संकुल समन्वयक श्री हेमंत कुर्रे, योग गुरु श्री महेंद्र साहू सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने छात्रा की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।


प्राचार्य श्रीमती कुमुद साहू ने विशेष रूप से खेल शिक्षिका श्रीमती अंजू रत्नाकर मैम के मार्गदर्शन एवं प्रशिक्षण की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन में विद्यालय के बच्चों ने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर तक रोशन किया है। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं।


विद्यालय परिवार ने कहा कि कु. चेतना साहू की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी है। विद्यालय में खेल प्रतिभाओं को निरंतर प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि विद्यार्थी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर विद्यालय, क्षेत्र और जिले का नाम रोशन कर सकें।