पाटन।डीकेएस कृषि महाविद्यालय, भाटापारा में 20 से 22 नवंबर 2026 तक आयोजित ‘पूर्वी क्षेत्र अंतर-महाविद्यालयीन (जोनल) खेल-कूद प्रतियोगिता 2026’ में कृषि महाविद्यालय, मर्रा (पाटन) के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम रोशन किया है। कुल आठ महाविद्यालयों के बीच हुई इस रोमांचक स्पर्धा में मर्रा के खिलाड़ियों ने ओवरऑल चौथा स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता में महाविद्यालय के 27 छात्र और 13 छात्राओं सहित कुल 40 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। दलीय स्पर्धाओं में महाविद्यालय की बालिका कबड्डी टीम ने अजेय बढ़त बनाते हुए प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया, वहीं बालक कबड्डी टीम ने कड़े मुकाबले में द्वितीय स्थान प्राप्त कर रजत पदक जीता।
एथलेटिक्स में भी चमके खिलाड़ी
एथलेटिक्स की विभिन्न स्पर्धाओं में भी मर्रा के विद्यार्थियों का दबदबा रहा:

- बालिका रिले दौड़: खेमलता मंडावी, अंजू ध्रुव, कामिनी और उर्वशी की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
- बालक रिले दौड़: कुणाल रावटे, नीलेश निषाद, कोमल भास्कर और केशव किशोर की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया।
- व्यक्तिगत स्पर्धाएं: ऊंची कूद में राकेश, बालक वर्ग की 200 मीटर दौड़ में कुणाल रावटे और बालिका वर्ग की 1500 मीटर दौड़ में खेमलता मंडावी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर पदक जीते।
अधिष्ठाता ने दी बधाई
इस पूरे दल का सफल नेतृत्व टीम मैनेजर व सहायक प्राध्यापक इंजी. के. के. एस. महिलांग तथा डॉ. विनीता झोडापे ने किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर कृषि महाविद्यालय, मर्रा (पाटन) के अधिष्ठाता ने सभी विजेता खिलाड़ियों, प्रतिभागियों और टीम मैनेजरों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी विश्वविद्यालय और महाविद्यालय का नाम इसी तरह गौरवान्वित करने की प्रेरणा दी। इस सफलता से पूरे महाविद्यालय परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल है।






