पंडरिया । कोलंबिया प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, रायपुर द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों के लिए ‘टीचर एक्सीलेंस अवार्ड सम्मान समारोह 2026’ का भव्य आयोजन स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट इंग्लिश मीडियम स्कूल, दुर्गावती चौक (कवर्धा) के सभागार कक्ष में किया गया। इस समारोह में 300 से अधिक शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया।

स्मृति चिह्न व प्रशस्ति पत्र देकर किया गया सम्मानित
इसी कड़ी में विकासखंड पंडरिया के अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल सोमनापुर (नया) के शिक्षा श्री से अलंकृत व्याख्याता ज्योति ध्रुव को बच्चों के समग्र विकास, विविध गतिविधि आधारित शिक्षा तथा शिक्षा के क्षेत्र में उनके 13 वर्षों के उत्कृष्ट कार्यों एवं नवाचारों के लिए स्मृति चिह्न व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। उन्हें कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा, सहायक संचालक एम.के. गुप्ता, यू.आर. चंद्राकर, एमआईएस (MIS) सतीश यदु और कोलंबिया प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के उपकुलपति डॉ. सुमीत श्रीवास्तव के करकमलों द्वारा यह सम्मान प्रदान किया गया।
शिक्षक जीवन के सच्चे मार्गदर्शक:
इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी एफ.आर. वर्मा ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को नित नए नवाचारों के माध्यम से अध्यापन कराकर बेहतर शिक्षा प्रदान करें, जिससे वे जीवन में अपने निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त कर सकें।
कोलंबिया प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, रायपुर के वाइस चांसलर डॉ. सुमीत श्रीवास्तव ने सम्मान समारोह में अपने उद्बोधन में कहा कि शिक्षक हमारे जीवन के सच्चे मार्गदर्शक होते हैं। वे केवल किताबों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि हमें सही-गलत का फर्क, अनुशासन और जीवन मूल्यों की समझ भी सिखाते हैं।
शिक्षा विभाग व विद्यालय परिवार में हर्ष:
व्याख्याता ज्योति ध्रुव को ‘टीचर एक्सीलेंस अवार्ड’ से सम्मानित होने पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी दीपक सिंह ठाकुर, शैक्षिक समन्वयक शत्रुघ्न प्रसाद डड़सेना, राज्य शिक्षक संतोष कुमार साहू व्याख्याता योगेश कुमार गुरुदिवान,, मनीषा मार्को, सरपंच भूपेंद्र पटेल अभिभावकों एवं जनप्रतिनिधियों, छात्र छात्राओं ने हर्ष जताते हुए प्रसन्नता व्यक्त की है।






