पाटन। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के गरिमामयी अवसर पर तरीघाट में एक भव्य और भावुक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष दिन को यादगार बनाने के लिए ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने एकजुट होकर ‘आशीर्वाद का दिया’ अभियान के तहत 500 से अधिक दीपक जलाए। पूरा परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।

तरीघाट सरपंच चंद्रिका साहू, उपसरपंच, पंचगण और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय कार्यकर्ताओं की अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। सभी ने एक साथ मिलकर प्रधानमंत्री मोदी के यशस्वी नेतृत्व की सराहना की और देश के विकास में उनके योगदान को रेखांकित किया।

इस पावन अवसर पर ग्रामीणों ने देश के प्रधानसेवक के दीर्घायु होने, उत्तम स्वास्थ्य और यशस्वी जीवन की कामना करते हुए मंगल कामनाएं कीं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत’ के सपने को साकार करने में अपना पूरा सहयोग देंगे। आयोजन में शामिल महिलाओं और युवाओं में प्रधानमंत्री के प्रति भारी उत्साह और आदर का भाव देखने को मिला।







