रानीतराई, स्व दाऊ रामचन्द्र साहू शासकीय महाविद्यालय में अंतर्राष्ट्रीय ओज़ोन दिवस प्राचार्य डॉ अरुण कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया।यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना, प्राणी शास्त्र तथा रसायन शास्त्र विभाग के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया ।इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधन एवं छात्र-छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य द्वारा दीप प्रज्वलन और ओज़ोन परत संरक्षण की शपथ दिलाने के साथ हुआ। इसके पश्चात् विज्ञान विभाग के छात्रों द्वारा पोस्टर तथा क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें पर्यावरण संरक्षण और ओज़ोन परत की महत्ता पर विचार व्यक्त किए गए।
प्राणी शास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापक सुश्री रेणुका वर्मा ने ओज़ोन परत को “पृथ्वी की सुरक्षा ढाल” बताते हुए कहा कि मानव जीवन के लिए इसका संरक्षण अति आवश्यक है। बढ़ते प्रदूषण, रासायनिक गैसों तथा क्लोरोफ्लोरोकार्बन (CFCs) के उपयोग से ओज़ोन परत को गंभीर खतरा बताया गया। उन्होंने सभी को वृक्षारोपण और पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। रसायन शास्त्र विभाग की सहायक प्राध्यापक श्रीमती आराधना देवांगन ने ओजोन परत के क्षरण की अभिक्रिया एवं क्रियाविधि को विस्तृत रूप में बताया एवं ओजोन परत क्षरण के रासायनिक कारको की विस्तृत जानकारी दी एवं ऐसे रसायनों के उपयोग में कमी हेतु हरित रसायन पर भी प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया तथा छात्रों ने “ओज़ोन बचाओ–पृथ्वी बचाओ” का नारा लगाकर जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम में सभी सहायक प्राध्यापक तथा विद्यार्थियों ने अपनी उपस्थिति दी।







