बेमौसम बारिश से तबाह धान की फसल, पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू बोले – किसानों को मुआवजा दे सरकार

अंडा । बेमौसम बारिश और पिछले 24 दिनों में आए तीन चक्रवाती तूफानों से प्रदेश के किसानों को भारी नुकसान हुआ है। खेतों में खड़ी तैयार धान की फसल बारिश और तेज हवाओं से गिरकर बर्बाद हो गई। वहीं खरीदी केंद्रों में पहुंचा धान भी बारिश की चपेट में आकर खराब हो गया।

पूर्व गृहमंत्री श्री ताम्रध्वज साहू ने इस पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए सरकार से प्रभावित किसानों को तत्काल राहत देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लाखों हेक्टेयर में फसल खराब होने के बावजूद सरकार ने अब तक नुकसान का सही आकलन नहीं कराया है, जिससे किसान खुद को ठगा महसूस कर रहा है।

श्री साहू ने सरकार से तीन प्रमुख मांगें रखीं। पहली, प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। दूसरी, धान खरीदी की तारीख 15 दिन आगे बढ़ाई जाए। तीसरी, खराब मौसम के कारण लैप्स हुए धान खरीदी टोकन दोबारा जारी किए जाएं।

उन्होंने कहा कि किसान छत्तीसगढ़ की आत्मा है। संकट की इस घड़ी में सरकार को किसानों के साथ खड़ा होना चाहिए। मुआवजा देना सरकार की जिम्मेदारी है, एहसान नहीं।