सेवा सहकारी समिति मर्रा में धान खरीदी का हुआ शुभारंभ, पहले दिन 592 क्विंटल की हुई खरीदी

पाटन।। क्षेत्र के किसानों के इंतजार को खत्म करते हुए सेवा सहकारी समिति मर्रा के उपार्जन केंद्र में विधिवत रूप से धान खरीदी की शुरुआत हो गई है। खरीदी केंद्र पर पहले ही दिन किसानों में भारी उत्साह देखने को मिला और कुल 592 क्विंटल धान की खरीदी दर्ज की गई।

सुबह से ही उपार्जन केंद्र पर किसानों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। समिति के पदाधिकारियों, कर्मचारियों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीनों पर धान की तौल कर खरीदी प्रक्रिया को प्रारंभ किया गया। केंद्र पर बारदानों, तौल कांटों और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

पहले दिन की सफल खरीदी के बाद समिति प्रबंधन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित टोकन के अनुसार ही अपना साफ-सुथरा और मानक के अनुरूप धान लेकर केंद्र पर आएं।

इस अवसर पर समिति प्रबंधक एमन राजपूत विनोद राजपूत लोमस साहू सहित क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे।