पद्मश्री मशहूर फिल्म निर्देशक श्याम बेनेगल का निधन…लंबे अर्से से थे बीमार

सीजी न्यूज। मशहूर फिल्म निर्देशक श्याम बेनेगल ने अपनी फिल्मों से अलग छाप छोड़ी। उनकी कहानियां असल मुद्दों को उठाती थीं और वो हर फिल्म से समाज को संदेश देने की पुरजोर कोशिश करते थे।

हिंदी सिनेमा को कई नायाब फिल्में देने वाले निर्देशक श्याम बेनेगल का आज निधन हो गया है। 23 दिसंबर 2024 को उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया। 90 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली। बताया जा रहा है कि शाम 6.30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।

वो किडनी से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे थे। लम्बे अर्से से बीमार रहने के बावजूद उन्होंने काम से दूरी नहीं बनाई, वो लगातार नई परियोजनाओं पर काम करते रहे। नसीरुद्दीन शाह, शबाना आजमी, स्मित पाटिल और गिरीश कर्नाड जैसे सितारों को श्याम बेनेगल की फिल्मों से ही पहचान मिली।

श्याम बेनेगल को भारतीय सिनेमा के सबसे बेहतरीन फिल्म मेकर्स में जगह मिली। 14 दिसंबर 1934 को हैदराबाद में श्याम बेनेगल का जन्म हुआ था। वो फेमस एक्टर और फिल्म मेकर गुरु दत्त के कजिन भाई थे। बेनेगल को साल 1976 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया।

अपने शानदार करियर में बेनेगल ने विविध मुद्दों पर फिल्में, वृत्तचित्र और टेलीविजन धारावाहिक बनाए, जिनमें “भारत एक खोज” और “संविधान” शामिल हैं। उन्होंने 14 दिसंबर को ही अपना 90वां जन्मदिन मनाया था।

अपने जन्मदिवस के अवसर पर बेनेगल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया था कि उन्हें डायलिसिस के लिए अक्सर अस्पताल जाना पड़ता है।

बेनेगल के परिवार में उनकी पत्नी नीरा बेनेगल और बेटी हैं।

“भूमिका”, “जुनून”, “मंडी”, “सूरज का सातवां घोड़ा”, “मम्मो” और “सरदारी बेगम” को हिंदी सिनेमा में उनकी कलात्मक फिल्मों में गिना जाता है।