गोड़पेंडरी में पत्थर खदानों पर पंचायत की सख्ती, संचालकों को पंचायत ने जारी किया नोटिस, हैवी ब्लास्टिंग से परेशान ग्रामीण



पाटन। पाटन ब्लॉक के ग्राम गोड़पेंडरी में संचालित पत्थर खदानों में किए जा रहे हैवी ब्लास्टिंग और बोर ब्लास्टिंग को लेकर ग्राम पंचायत ने सख्त रुख अपनाया है। पंचायत द्वारा क्षेत्र के सभी पत्थर खदान संचालकों को नोटिस जारी कर ग्रामीणों की शिकायतों पर तत्काल ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि खदानों में लगातार हो रही तेज धमाकेदार ब्लास्टिंग के कारण गांव में रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ब्लास्टिंग के कंपन से कई मकानों में दरारें पड़ने लगी हैं, वहीं कुछ घरों में पत्थर के टुकड़े गिरने की शिकायत भी सामने आई है। इससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
ग्राम पंचायत द्वारा नोटिस जारी किए जाने के बाद खदान संचालकों में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि पंचायत के जनप्रतिनिधि जल्द ही खदानों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा ले सकते हैं। निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों और ब्लास्टिंग की प्रक्रिया की भी जांच की जाएगी।
ग्रामीणों ने मांग की है कि आबादी क्षेत्र के समीप हैवी ब्लास्टिंग पर रोक लगाई जाए तथा खदान संचालन में सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। पंचायत ने भी स्पष्ट किया है कि ग्रामीणों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।