पाटन।
ग्राम पंचायत पहनडोर में पंचायत सचिव को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। हालात ऐसे बन गए हैं कि पंचायत की बैठक तक स्थगित कर दी गई है। पंचायत प्रतिनिधियों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक सचिव को नहीं हटाया जाएगा, तब तक बैठक आयोजित नहीं की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, पहले नए नियुक्त पंचायत सचिव को प्रभार नहीं दिया गया था, जिसके चलते विवाद शुरू हुआ। अब वर्तमान सचिव के स्थानांतरण की भी मांग उठने लगी है। पंचायत के सरपंच एवं पंचों ने इस संबंध में सीईओ को पत्र लिखकर समस्या के समाधान की मांग की है।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि ग्राम पंचायत पहनडोर में पिछले कुछ महीनों से सचिव के स्थानांतरण को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई है। मामले के निराकरण के लिए जांच समिति भी गांव पहुंची थी, जहां सभी पंचायत सदस्यों ने लिखित बयान प्रस्तुत कर नए पदस्थ सचिव श्री महेंद्र कुमार साहू एवं पूर्व सचिव श्री देवनाथ साहू—दोनों का स्थानांतरण कर किसी अन्य सचिव की नियुक्ति की मांग की थी।
इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने से पंचायत प्रतिनिधियों में नाराजगी बढ़ रही है। उनका आरोप है कि कार्रवाई में देरी के कारण सचिव की मनमानी बढ़ती जा रही है, जिससे पंचायत का कार्य प्रभावित हो रहा है।
पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की मांग की है, ताकि गांव में विकास कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें।







