पंडरिया।कृषि आदान व्यापारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर सोमवार को देशभर के व्यापारी एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल पर रहें।इसी क्रम में ब्लाक सहित जिले के अनेक कृषि व्यापारी भी इसमें शामिल हुये। जानकारी के मुताबिक जिले के 300 के करीब कृषि केंद्र दवाई दुकान बंद रही। जिनमें से करीब 70 से 80 व्यापारी कवर्धा पहुंचे। पहले धरना दिया।इसके बाद देश के प्रधानमंत्री एवं कृषि मंत्री के नाम कलेक्टर कवर्धा को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाया। व्यापारियों द्वारा उप संचालक कृषि कबीरधाम को भी ज्ञापन सौंपा गया।
कवर्धा जिला एग्री यूनियन संघ के अध्यक्ष भूखन साहू ने बताया कि Agro Input Dealers Association (AIDA), नई दिल्ली देशभर के खाद, बीज एवं कीटनाशक विक्रेताओं का एक पंजीकृत संगठन है, जो लगभग 5 लाख व्यापारियों का प्रतिनिधित्व करता है । संघटन के सदस्यों को पिछले 10 वर्षों से कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिनके समाधान के लिए केंद्र एवं राज्य सरकारों से लगातार निवेदन किए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।संघ ने अपनी प्रमुख मांगों में खाद पर जबरन लिंकिंग पर पूर्ण प्रतिबंध, उर्वरकों की FOR (Free On Road) आपूर्ति सुनिश्चित करना, डीलर मार्जिन बढ़ाकर न्यूनतम 8 प्रतिशत करना और ‘साथी’ (SATHI) पोर्टल को ग्रामीण विक्रेताओं के लिए वैकल्पिक बनाने की मांग शामिल की है।इसके अलावा, सीलबंद पैकिंग में नमूना फेल होने की स्थिति में विक्रेता को आरोपी के बजाय ‘साक्षी’ का दर्जा देने, नए बीज अधिनियम एवं कीटनाशक विधेयक 2025 में रिटेल डीलरों के लिए कठोर प्रावधानों में संशोधन, हर वर्ष प्रिंसिपल सर्टिफिकेट जोड़ने की अनिवार्यता समाप्त करने तथा दोहरी लाइसेंस व्यवस्था को खत्म करने की भी मांग की गई है।संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि एक माह के भीतर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आगामी खरीफ सीजन से पहले अनिश्चितकालीन बंद का निर्णय लेने को मजबूर होना पड़ेगा। इससे कृषि उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा और किसानों को भी कई समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।व्यापारियों ने केंद्र सरकार से अपील की है कि उर्वरक एवं रसायन मंत्रालय और केंद्रीय कृषि मंत्रालय के अधिकारियों को निर्देशित कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि कृषि क्षेत्र में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष भूखन साहू , विजय गुप्ता , हुलास डडसेना , प्रिंस सलूजा , मोती पटेल, विजय वैष्णव, कमल कुर्रे, चिंताराम चंद्रवंशी , रिंकू जैन , संतोष साहू,योगेश सिंह , ईश्वर जैन, दिलीप पटेल , रामभजन झरिया , गोलू पटेल , मनोज चंद्रवंशी , संजय अग्रवाल एवं अन्य कृषि व्यापारी उपस्थित थे।






