पंडरिया-नगर पालिका अध्यक्ष मंज़ुला देवी कुर्रे एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी अमिताभ शर्मा एवं सुडा के अधिकारियों के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के नगर पालिकाओं का एक प्रतिनिधिमंडल 1 से 3 सितंबर तक सूरत पहुँचकर स्वच्छता कार्यक्रम की जानकारी ली। इस अध्ययन भ्रमण का उद्देश्य सूरत नगर निगम द्वारा अपनाई गई स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों का अवलोकन एवं अनुभव प्राप्त करना था।
भ्रमण के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण प्रणाली, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र, प्लास्टिक रीसाइक्लिंग प्लांट, तथा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण किया। सूरत की सफाई व्यवस्था, आधुनिक मशीनरी का उपयोग, अपशिष्ट पृथक्करण एवं पुनर्चक्रण की प्रक्रिया को विस्तार से समझा गया। सूरत नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि किस प्रकार जनभागीदारी, तकनीकी नवाचार और सतत निगरानी के माध्यम से शहर ने स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।
अध्यक्ष श्रीमती कुर्रे एवं सीएमओ श्री शर्मा ने सूरत की स्वच्छता व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि यहाँ अपनाए गए सर्वोत्तम प्रथाओं (Best Practices) को पंडरिया नगर पालिका में लागू करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे नगर को और अधिक स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाया जा सके।







