पंडरिया : एंबीशन पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, बाल विवाह पर प्रस्तुत नृत्य ने मोहा मन,सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता गोपाल साहू ने किया ध्वजारोहण

पंडरिया।नगर के एंबीशन पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस का समारोह अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सर्वोच्च न्यायालय के अधिवक्ता गोपाल साहू ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। इसके पश्चात उन्होंने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत की।
सांस्कृतिक कार्यक्रम और विशेष प्रस्तुतियां
इस राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों द्वारा मनमोहक देशभक्ति गीत, ऊर्जावान नृत्य और ओजस्वी भाषण प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कुप्रथा ‘बाल विवाह’ पर आधारित एक विशेष नृत्य प्रस्तुति रही। इस प्रस्तुति ने समाज को एक कड़ा संदेश दिया और उपस्थित दर्शकों द्वारा इसकी भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।

दोहरे जश्न का अवसर
यह स्वतंत्रता दिवस विद्यालय परिवार के लिए और भी खास रहा। आज ही के दिन विद्यालय के नए भवन ने अपने 10 वर्ष पूरे किए। साथ ही, मुख्य अतिथि गोपाल साहू का जन्मदिन भी होने के कारण समारोह में भव्य रूप से केक काटकर इस विशेष अवसर का जश्न मनाया गया। मुख्य अतिथि गोपाल साहू ने अपने संबोधन में देश के शहीदों को नमन करते हुए कहा, “यह आज़ादी देश के वीर जवानों के महान बलिदानों का परिणाम है। हम सभी को भारत माता और उन बलिदानी वीरों के प्रति सदैव आभार और कृतज्ञता रखनी चाहिए। शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता ने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “बच्चे अपनी निरंतर और अच्छी पढ़ाई के माध्यम से ही देश को प्रगति के पथ पर और भी आगे ले जा सकते हैं।समारोह के अंत में शाला प्रबंधन समिति के सचिव हरीश जैन ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का धन्यवाद करते हुए आभार ज्ञापित किया।
इस गौरवमयी अवसर पर मुख्य अतिथि गोपाल साहू शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता, सचिव हरीश जैन, पदाधिकारी दिलीप जैन, सत्येंद्र चौहान, अशोक अग्रवाल, मनीष शर्मा, भर्तृहरि सिंह परिहार, विद्यालय के प्राचार्य रायन फ्रीग्रेड सहित नगर के गणमान्य नागरिक, शिक्षक-शिक्षिकाएं और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।