पंडरिया।ब्लाक के वनांचल ग्राम सेमरहा की बेटी कुसुम का मंगलवार को रायपुर के नर्सिंग कॉलेज में प्रवेश कराया। अब वह अपनी पढ़ाई पूरी कर अपने सपनों को साकार करेगी और आत्मनिर्भर बनकर उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर होगी।दो वर्ष पूर्व एक दुःखद सड़क दुर्घटना में जिन 24 बच्चों ने अपने अभिभावकों को खोया था, कुसुम भी उन्हीं में से एक है।उक्त बच्चों की देखरेख व शिक्षा का कार्य विधायक भावना बोहरा एक पालक की तरह कर रही हैं।वे उनके शिक्षा ,स्वास्थ्य, सहित सभी पहलुओं के विकास में समर्पित होकर कार्य कर रही हैं।

जीवन में इतनी बड़ी कठिनाई आने के बावजूद कुसुम ने अपना हौसला नहीं खोया। विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए उसने आगे बढ़ने, पढ़ने और अपने भविष्य को संवारने का संकल्प बनाए रखा। विधायक भावना बोहरा ने कहा कि उसकी शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य की राह में सहयोग कर पाना मेरे लिए अत्यंत सुखद एवं आत्मिक संतुष्टि देने वाला क्षण है।
कुसुम की मेहनत, लगन और हौसले को मेरा स्नेह एवं आशीर्वाद। ईश्वर से प्रार्थना है कि वह खूब पढ़े, आगे बढ़े, आत्मनिर्भर बने और अपने परिवार, क्षेत्र एवं समाज का नाम रोशन करे।
उन्होंने कहा कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, हौसला और शिक्षा जीवन को नई दिशा दे सकते हैं। कुसुम जैसी बेटियों के सपनों को अवसर देना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना ही हमारे प्रयासों की सार्थकता है।






