पंडरिया। पंडरिया के मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा नगर के विकास कार्यों क़ो ठप किये जाने के आरोप लगाते हुए नगर पालिका अध्यक्ष राजीन गायकवाड के साथ पालिका के दस से अधिक पार्षद नगर पालिका कार्यालय के सामने अनिश्चित कालीन भूख हड़ताल पर बैठ गए।

नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों ने नगर में विकास कार्यो के लिए स्वीकृत कार्यो के प्रारम्भ नही होने , अपूर्ण कार्य को पूर्ण नही कराए जाने , पार्षद निधि को लेप्स कराने के उद्देश्य से सीएमओ द्वारा पार्षदो के अनुषंषित कार्यो पर बेवजह रोक लगाए जाने , 14 वे-15 वे वित्त की राशि से जेसीबी , ट्रेक्टर ट्राली और हाथ ठेला की खरीदी नही किये जाने तथा शासन से स्वीकृत प्लेसमेंट कर्मियों की भर्ती नही किये जाने से आक्रोशित होकर आंदोलन की राह अपनाई है।
छत्तीसगढ़ प्रदेश में पंडरिया नगर पालिका एक मात्र ऐसा नगर पालिका होगा जहाँ के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों क़ो अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन व चक्का जाम कर मुख्य नगर पालिका अधिकारी के खिलाफ प्रदर्शन करना पड़ रहा है, वहीं निर्वाचित जन प्रतिनिधियों का आरोप है, कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा नगर विकास के लिए प्रशासन से स्वीकृत समस्त कार्यों क़ो तत्काल प्रारम्भ कराया जायेगा।पार्षद निधि के कार्यों क़ो पार्षदों के अनुशंसा पर तत्काल पूर्ण कराया जाये, शासन से स्वीकृत प्लेसमेंट कर्मचारियों की तत्काल नियुक्ति की जाये, नगर विकास के लिए 14-15वित्त से अध्यक्ष एवं पार्षदो द्वारा अनुशंषित सामग्री तत्काल खरीदी की जाये जिससे नगर का विकास धरातल पर दिखे व आम जनता क़ो सुविधा प्राप्त हो।
किन्तु मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा मनमानी करते हुए नगर विकास के कार्यों क़ो रोककर आखिर क्यों नगर का विकास नहीं होने दिया जा रहा है,वहीं दोपहर में जनप्रतिनिधियों द्वारा गाँधी चौक में बैठ कर चक्का जाम कर दिया गया। चक्का जाम होने से गाँधी चौक के चारो और जाम की स्थिति निर्मित हो गयी।चक्का जाम की सुचना मिलते ही अनुविभागीय अधिकारी द्वारा नायब तसीलदार कुंडा व तसीलदार पंडरिया क़ो गाँधी चौक भेजकर धरने में बैठे अध्यक्ष व पार्षदों की बातो क़ो सुना गया व उनकी मांगो के निराकरण के लिए सोमवार क़ो नगर पालिका कार्यालय में मुख्य नगर पालिका अधिकारी की उपस्थित में चर्चा कर निराकरण का आश्वासन दिया गया है। जिससे नाराज पार्षदों द्वारा चक्का जाम क़ो खोलकर अपने धरना प्रदर्शन क़ो अनवरत नगर पालिका कार्यालय के बाहर जारी रखा गया है।






