पंडरिया : असाक्षरों को शत-प्रतिशत साक्षर बनाने में जुटी छात्रा आरुषि


पंडरिया। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल, पंडरिया की कक्षा 10वीं की छात्रा आरुषि साहू स्वयंसेवी शिक्षक के रूप में एक अनुकरणीय पहल कर रही हैं। वे अपने गांव के 15 वर्ष से अधिक उम्र के 24 असाक्षरों को साक्षर बनाने की मुहिम में जुटी हुई हैं, ताकि गांव का कोई भी व्यक्ति निरक्षर न रहे।
आगामी 27 सितंबर को ‘उल्लास नवभारत साक्षरता महापरीक्षा अभियान’ के तहत इन नवसाक्षरों को इस परीक्षा में सम्मिलित कराया जाएगा।


छात्रा आरुषि साहू ने बताया कि असाक्षरों को साक्षर करने का मुख्य उद्देश्य केवल उन्हें पढ़ना-लिखना सिखाना नहीं है, बल्कि उनमें चीजों की समझ विकसित करना है, ताकि वे इसका उपयोग अपने दैनिक जीवन में कर सकें।
उन्होंने बताया कि इस मिशन का एक लक्ष्य ‘लखपति दीदी’ को ‘साक्षर दीदी’ बनाना भी है। जब स्व-सहायता समूहों की सदस्य साक्षर होंगी, तो उन्हें बैंक में लेन-देन करने, डिजिटल भुगतान करने और सरकारी योजनाओं का फॉर्म भरने में कोई कठिनाई नहीं होगी।


छात्रा आरुषि की इस अनुकरणीय पहल और सामाजिक समर्पण के लिए विकासखंड परियोजना समन्वयक शत्रुघ्न प्रसाद डड़सेना, उत्कृष्ट व्याख्याता संतोष कुमार साहू, ज्योति ध्रुव और योगेश कुमार गुरुदिवान ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।