पंडरिया- स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्टता की ओर एक और कदम बढ़ाते हुए पंडरिया नगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और उपस्वास्थ्य केंद्र (SHC) भाकुर ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की “कायाकल्प योजना” के तहत प्रतिष्ठित पुरस्कार हासिल किया है। यह उपलब्धि न केवल ब्लाक व कबीरधाम जिले के लिए बल्कि पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है।
97.43% के शानदार स्कोर के साथ राज्य में दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया ने स्वच्छता, आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों की संतुष्टि के उच्च मानक स्थापित किए हैं। यह केंद्र 24×7 प्रसव सेवाओं, DMC लैब और आपातकालीन सुविधाओं जैसी सेवाओं के लिए जाना जाता है।
इस सफलता का श्रेय मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बी.एल. राज के प्रभावशाली नेतृत्व, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनामिका पटेल की मेहनत और लगनशीलता तथा विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक प्रदीप सिंह ठाकुर को जाता है। इनकी संयुक्त कोशिशों ने पंडरिया को राज्य के अग्रणी स्वास्थ्य केंद्रों में स्थान दिलाया है।
उप स्वास्थ्य केंद्र भाकुर: ग्रामीण सेवाओं की मिसाल
96.3% के स्कोर के साथ उप स्वास्थ्य केंद्र भाकुर ने ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। सीमित संसाधनों के बावजूद, यहां की सफाई व्यवस्था, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन और सामुदायिक भागीदारी ने इसे कायाकल्प योजना के मानकों पर खरा उतारा।डॉ. बी.एल. राज और डॉ. अनामिका पटेल के कुशल मार्गदर्शन में स्थानीय स्वास्थ्यकर्मियों ने एक नई ऊंचाई हासिल की। प्रदीप सिंह ठाकुर के समन्वय और नेतृत्व ने भाकुर को इस सफलता तक पहुंचाया।
कायाकल्प के अंतर्गत अन्य सम्मानित स्वास्थ्य केंद्र
-कायाकल्प योजना के अंतर्गत पंडरिया विकासखंड के 18 अन्य स्वास्थ्य केंद्रों को भी उनके प्रदर्शन के लिए प्रशंसा पत्र दिया जाएगा। इनमें शामिल हैं:
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुकदुर, उपस्वास्थ्य केंद्र कुंडा, पांडातराई, छिरपानी, दामापुर उपस्वास्थ्य केंद्र भाकुर, बघरा, पलनसारी, मैनपुरा, धोबघट्टी, पाढ़ी, खैरझिति पुराना, नर्सिंगपुर, भेलकी, पौनी, सुकलीगोविंद और परसवारा है।
कायाकल्प अवार्ड: गुणवत्ता की मानक
-“कायाकल्प अवार्ड” अस्पतालों की स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, बुनियादी ढांचे और सामुदायिक भागीदारी जैसे आठ मानकों पर आधारित है। इनमें शामिल हैं:
- हॉस्पिटल अपकीप (50%)
- सेनिटेशन एंड हाईजीन (50%)
- सपोर्ट सर्विस (25%)
- वेस्ट मैनेजमेंट (50%)
- इन्फेक्शन कंट्रोल (50%)
- हाइजीन प्रमोशन (25%)
- बियोंड हॉस्पिटल बाउंड्री (50%)
- इको-फ्रेंडली फैसिलिटी (50%)
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पंडरिया और उपस्वास्थ्य केंद्र भाकुर ने इन मानकों पर शानदार प्रदर्शन करते हुए क्रमशः 97.43% और 96.3% स्कोर अर्जित किए।
उपस्वास्थ्य केंद्र पांडातराई को एनक्यूएएस प्रमाणन की उपलब्धि
-सितंबर 2024 में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पांडातराई ने एनक्यूएएस (NQAS) प्रमाणन प्राप्त कर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता का परिचय दिया। यह उपलब्धि भी डॉ. बी.एल. राज, डॉ. अनामिका पटेल, और श्री प्रदीप सिंह ठाकुर की टीम वर्क का नतीजा ही है।