पाटन। ग्राम झीट में मातृ-पितृ पूजन दिवस बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर 16 नेशनल खो-खो एवं वेटलिफ्टिंग खिलाड़ियों को ग्राम सरपंच रूपेंद्र राजू साहू द्वारा शील्ड एवं सम्मान सामग्री प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मातृ-पितृ पूजन दिवस के उपलक्ष्य में होनहार खिलाड़ियों को “प्रतिभा सम्मान” दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन एडवेंचर खो-खो क्लब एवं जय महावीर व्यायामशाला के तत्वावधान में किया गया। सरपंच रूपेंद्र साहू के विशेष सहयोग से आयोजित इस समारोह में खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य, ऊर्जा और शिक्षा व खेल के क्षेत्र में निरंतर निखार की कामना की गई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि आज का दिन हम सभी के जीवन का अत्यंत पावन दिन है। मातृ-पितृ पूजन दिवस हमें यह स्मरण कराता है कि हमारे जीवन की पहली पाठशाला हमारा घर है और हमारे प्रथम गुरु हमारे माता-पिता हैं। माँ हमें निःस्वार्थ प्रेम, करुणा और त्याग की शिक्षा देती हैं, वहीं पिता अनुशासन, परिश्रम और जिम्मेदारी का पाठ पढ़ाते हैं।
इस दिवस की प्रेरणा संत आसाराम बापू द्वारा दी गई थी, ताकि युवा पीढ़ी अपने माता-पिता के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट कर सके। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में जब पश्चिमी संस्कृति का प्रभाव बढ़ रहा है, तब यह दिवस भारतीय संस्कृति और संस्कारों की याद दिलाता है, जहाँ माता-पिता को देवतुल्य माना गया है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में सरपंच रूपेंद्र साहू जी, डॉ. मोहन साहू जी, धर्मेंद्र कौशिक जी, क्लब अध्यक्ष पवन ठाकुर जी, टीकाराम साहू जी, गुरुदत्त ठाकुर जी, अनिल दास मानिकपुरी जी, रोहित साहू जी, राजेश्वर सिन्हा जी, मंच संचालक डिगेश साहू जी, क्लब कोच भूपेश सिन्हा जी, शेषनारायण ठाकुर जी, कुमलेश सिन्हा जी, आदित्य सिन्हा जी, नरोत्तम सिन्हा जी, चमन पटेल जी, पोषण पटेल जी, वीरसिंह खुटेल जी सहित अनेक ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने यह संकल्प लिया कि वे अपने माता-पिता का सदैव सम्मान करेंगे, उनके आदर्शों पर चलेंगे तथा गाँव और अपने परिवार का नाम रोशन करेंगे।







