पाटन।
पाटन क्षेत्र के मोतीपुर–खम्हरिया चौक के पास स्थित एक होटल के सामने सड़क पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से यातायात प्रभावित हो रहा है। होटल में नाश्ता करने आने वाले लोग अपने वाहन आधी सड़क तक खड़े कर देते हैं, जिससे इस व्यस्त मार्ग पर दुर्घटना का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार मोतीपुर से जामगांव एम की ओर जाने वाले मार्ग पर यह स्थान अंधा मोड़ (ब्लाइंड टर्न) है। ऐसे में सामने से आने वाले वाहन चालकों को सड़क पर खड़े वाहनों का समय रहते पता नहीं चल पाता, जिसके कारण अचानक ब्रेक लगाने या वाहन मोड़ने की स्थिति बनती है। इससे आए दिन दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि होटल संचालक और वाहन चालकों की लापरवाही के कारण सड़क का एक हिस्सा हमेशा वाहनों से घिरा रहता है। इससे बड़े वाहनों और दोपहिया चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है तथा यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है।
गौरतलब है कि इसी मोतीपुर–खम्हरिया चौक पर पहले भी एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो चुकी है। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा था। इसके बाद कुछ समय तक सड़क पर वाहनों की पार्किंग पर नियंत्रण रहा और यातायात व्यवस्था में सुधार हुआ था।
हालांकि अब एक बार फिर होटल के सामने सड़क पर वाहनों की पार्किंग शुरू हो गई है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि इस स्थान पर नियमित निगरानी रखी जाए, सड़क पर अवैध पार्किंग पर कार्रवाई की जाए तथा होटल के सामने उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।






