पाटन: सेवा सेतु शिविर में 161 आवेदन मिले, 140 का मौके पर निराकरण, 21 आवेदनों के निराकरण के लिए समय-सीमा तय

पाटन। नगर पंचायत पाटन द्वारा स्वर्गीय खूबचंद सभागार में सेवा सेतु अभियान के तहत शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

शिविर में कुल 161 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 140 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। वहीं शेष 21 आवेदनों के निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई।

शिविर के दौरान नेत्रदान की घोषणा करने वाले ममता बिजौरा, नीता देवांगन और नेम सिंह भारद्वाज का सम्मान भी किया गया। अधिकारियों ने सेवा सेतु अभियान के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने की जानकारी दी।

कार्यक्रम में दुर्ग संभाग आयुक्त एस.एन. राठौर, कलेक्टर अभिजीत सिंह, एसडीएम प्रफुल्ल गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले, सीएमओ हेमंत वर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।