
पाटन। पाटन शराब दुकान के सामने बुधवार को करीब आधे घंटे तक एक युवक के साथ जमकर मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान ग्राम फुंडा निवासी रुपेश वर्मा के रूप में बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार रुपेश वर्मा पाटन शराब दुकान के आहता में काम करता था। प्रत्यक्षदर्शियों और शराब दुकान के आसपास चखना सेंटर संचालित करने वाले लोगों के मुताबिक, एक युवक ने रुपेश के साथ जमकर मारपीट की। बताया जा रहा है कि करीब आधे घंटे तक उसके साथ मारपीट की गई। मारपीट में रुपेश के सिर, सीने और गुप्तांग में गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना के बाद 112 की मदद से घायल रुपेश को पाटन अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद परिजन उसे घर ले गए। कुछ देर बाद उसकी तबीयत फिर बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मारपीट करने वाले युवक को ग्राम चिचा निवासी बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार वह नशे का आदी है और घटना के समय भी नशे में था। जानकारी यह भी सामने आई है कि 112 की टीम मारपीट करने वाले युवक को पाटन थाना लेकर पहुंची थी, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया।
फिलहाल युवक की मौत मारपीट में लगी चोटों के कारण हुई है या किसी अन्य वजह से, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।






