पाटन: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलटी, एक युवक गंभीर घायल, मेकाहारा रिफर, पढ़िए पूरी खबर

पाटन। अग्निवीर भर्ती के लिए मेडिकल जांच कराने रायपुर जा रहे युवकों की स्कॉर्पियो गुरुवार को फुंडा में पुनईडीह स्कूल के सामने अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि वाहन चारों चक्का ऊपर हो गया। दुर्घटना में एक युवक को गंभीर चोट आई है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद मेकाहारा रायपुर रेफर किया गया है।मिली जानकारी के अनुसार दुर्ग जिले के धनोरा सहित आसपास के गांवों के पांच युवक स्कॉर्पियो वाहन से रायपुर जा रहे थे। इसी दौरान फुंडा के पास मोड़ पर अचानक सड़क पर मवेशी आ जाने से चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। स्थानीय लोगों के मुताबिक स्कॉर्पियो पहले सड़क किनारे खड़ी एक गाड़ी से टकराई, फिर डिवाइडर से भिड़ने के बाद पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल घायलों की मदद की और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पाटन पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को पाटन अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सिर में गंभीर चोट लगने के कारण एक युवक को बेहतर इलाज के लिए मेकाहारा रायपुर रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।