पाटन।
आज दिनांक 23 अप्रैल 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन में 15 बालिकाओं को HPV का टीकाकरण किया गया। इस कार्यक्रम की मॉनिटरिंग डॉ. भुवनेश्वर कठौतिया (बीएमओ पाटन), बी.एल. वर्मा (बीईटीओ पाटन) और के.के. वर्मा (सुपरवाइजर) द्वारा की गई।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित यह टीकाकरण अभियान बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) के संक्रमण से होने वाले इस गंभीर रोग की रोकथाम के लिए यह वैक्सीन अत्यंत प्रभावी मानी जाती है।
टीकाकरण प्रतिदिन प्रातः 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाटन एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झीट में किया जा रहा है। यह वैक्सीन केवल एक बार दी जाती है।
यह टीका उन बालिकाओं को लगाया जा रहा है जिनका जन्म अप्रैल 2011 से अप्रैल 2012 के बीच हुआ है, अर्थात जिन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है लेकिन 15वां जन्मदिन अभी नहीं मनाया है।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि टीकाकरण अभिभावक की सहमति के बाद ही किया जाएगा। इसके लिए आधार कार्ड या जन्म प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य है।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने अधिक से अधिक पात्र बालिकाओं को इस अभियान का लाभ उठाने की अपील की है, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।







