पाटन: सांकरा विद्यालय में बनेगा शेड, प्रार्थना के समय धूप और बरसात से अब नहीं होगी परेशानी, सांस्कृतिक गतिविधियों को भी मिलेगा सुरक्षित मंच

पाटन। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सांकरा में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए लगभग 10 लाख रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले प्रार्थना शेड निर्माण कार्य का भूमि पूजन युवा सरपंच रवि सिंगौर द्वारा विधिवत किया गया। इस निर्माण कार्य से विद्यालय में प्रार्थना सभा, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध हो सकेगी।

भूमि पूजन कार्यक्रम में पंच शुभम जांगड़े, महेंद्र पारधी, वीरेंद्र यदु, श्यामू बंजारे, दीपक सिंगौर सहित विद्यालय परिवार के सदस्य, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इस कार्य को विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।

विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि प्रार्थना शेड के निर्माण से विद्यार्थियों को धूप और बारिश से सुरक्षा मिलेगी तथा विभिन्न शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए एक सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित स्थान उपलब्ध होगा। इससे विद्यालय की आधारभूत सुविधाओं में भी वृद्धि होगी।

इस जनहितकारी एवं शैक्षणिक विकास कार्य की स्वीकृति और सहयोग के लिए प्रदेश के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल तथा क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण होकर विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा।